छठ को लेकर साहिबगंज में तैयारी तेज, पंकज मिश्रा ने डीसी-एसपी के साथ किया घाटों का निरीक्षण

साहिबगंज में छठ घाटों का निरीक्षण करते पंकज मिश्रा और जिला प्रशासन के अधिकारी।

साहिबगंज: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर साहिबगंज जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। व्रतियों को बेहतर सुविधा देने के लिए गंगा घाटों की साफ-सफाई, लाइटिंग, सजावट और सुरक्षा बैरिकेडिंग का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। इसी क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता व सचिव पंकज मिश्रा ने उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और नगर परिषद प्रशासक अभिषेक सिंह के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।

सर्वप्रथम अधिकारियों ने संत जेवियर्स स्कूल के निकट बाबा घाट की स्वच्छता, गंगा के जलस्तर और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। तत्पश्चात वोट से गंगा के रास्ते बिजली घाट, भगवान बिरसा मुंडा घाट, ओझा टोली घाट, चानन घाट, कबूतर खोपी घाट और फेरी घाट का निरीक्षण किया गया।

पंकज मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा में मजबूत बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि अर्घ्य के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। साथ ही, महिला व्रतियों के लिए हर घाट पर चेंजिंग रूम और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान संत जेवियर्स स्कूल के पीछे गंगा कटाव की गंभीर समस्या सामने आई। उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि इसके स्थायी समाधान के लिए डीएमएफटी फंड से योजना बनाई जाएगी। वहीं, बिरसा मुंडा और बिजली घाट पर जमा गाद को तुरंत हटाने का निर्देश नगर परिषद को दिया गया।

पंकज मिश्रा ने कहा कि छठ आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है। प्रशासन और समाज की साझा जिम्मेदारी है कि व्रतियों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल दिया जाए। उन्होंने दुर्गा पूजा और दीपावली को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन को बधाई दी और जिलेवासियों से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

लेखक के बारे में

By संजय कुमार धीरज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More