Koderma News: विधिक सेवा दिवस पर मरकच्चो के चोपनाडीह में जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन

मरकच्चो के चोपनाडीह में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित करते डालसा सचिव गौतम कुमार।

कोडरमा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के तत्वावधान में विधिक सेवा दिवस के अवसर पर मंगलवार को मरकच्चो प्रखंड के चोपनाडीह पंचायत भवन में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रमाकान्त मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के सचिव गौतम कुमार रहे। शिविर को संबोधित करते हुए गौतम कुमार ने कहा कि इन दिनों साइबर अपराध के तहत नए-नए तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इसलिए इस प्रकार के किसी भी प्रलोभन में पड़कर साइबर अपराध का शिकार होने से बचने की जरूरत है। इस दौरान साइबर अपराध, लैंगिक समानता, स्थायी लोक अदालत, दहेज प्रथा एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराध पर आधारित कई प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

उन्होंने कहा कि नशाखोरी एक ऐसा सामाजिक एवं कानूनी अपराध है, जिससे व्यक्ति का मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक नुकसान होता है तथा उसका सर्वांगीण विकास अवरुद्ध हो जाता है। सरकार द्वारा साइबर अपराध, नशाखोरी एवं अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए कई कड़े कानून बनाए गए हैं तथा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, ताकि देश को इन सामाजिक कुरीतियों से मुक्त किया जा सके।

अपने संबोधन में न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि आज के समय में साइबर अपराध एवं नशीلي पदार्थों के सेवन से किसी भी व्यक्ति का मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है और उसे सही-गलत के बीच के फर्क का पता नहीं रहता, जिससे व्यक्ति किसी आपराधिक गतिविधि को अंजाम दे बैठता है और कानून के तहत कठोर दंड का भागी बनता है। उन्होंने लोगों को जानकारी दी कि आगामी 12 दिसंबर 2026 को व्यवहार न्यायालय, कोडरमा में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लोग अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन कराकर अपने समय और पैसे की बचत करें।

मरकच्चो प्रखंड के पीएलवी महेश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने लोगों से अपील की कि प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराध के विरुद्ध अभियान चलाकर साइबर अपराध मुक्त भारत के निर्माण में अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए, तभी हम स्वस्थ एवं स्वच्छ भारत के निर्माण की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन पीएलवी विकास कुमार रजक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मुकेश प्रसाद ने किया। इस अवसर पर पीएलवी नीरज राम, पिंकी कुमारी, दिवाकर रौशन, रामनाथ राय, रुक्मणी देवी, दुलारी देवी, पार्वती देवी, सुखदेव यादव, अंजलि देवी, शाबर खातून सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More