रिम्स निदेशक के निर्देश पर ट्रॉमा सेंटर स्थित तालाब में चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान

रांची: आगामी छठ महापर्व के मद्देनज़र राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), द्वारा संस्थान की सामाजिक जिम्मेदारी के अंतर्गत ट्रॉमा सेंटर के समीप स्थित तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस पहल का उद्देश्य छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है। इस पहल के प्रति रिम्स निदेशक प्रो. (डॉ.) डी. के. सिन्हा ने विशेष रुचि दिखाई और आगामी छठ महापर्व के मद्देनज़र तालाब के आस पास स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
इस स्वच्छता अभियान में SAP के जवानों ने कर्नल जे. के. सिंह के नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी निभाई। रिम्स प्रबंधन ने इस पहल में सहयोग देने वाले SAP के जवानों, स्थानीय पार्षद, नगर निगम कर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि वे छठ महापर्व के दौरान घाटों एवं जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें और कचरा या पूजा सामग्री जलाशयों में न डालें।

