अनंत सिंह ने बेटी की शादी में सबको दिया निमंत्रण, चार लाख लोगों के लिए बन रहा खाना, घुड़सवारी विजेता को मिलेगा थार

अनंत सिंह बेटी की शादी केलिए सबको निमंत्रण देते हुए

रांची: बिहार के चर्चित बाहुबली विधायक अनंत सिंह की दूसरी बेटी की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। शादी उनके गांव में ही होगी। मोकामा के लदमा गांव में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 10 बीघा में पंडाल बनाया गया है। चार लाख लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। यदि इससे भी अधिक लोग आएंगे, तो उनके लिए भी इंतजाम है। किसी चीज की कोई कमी नहीं होगी। खाने-पीने के करीब डेढ़ सौ आइटम रखे गए हैं।

तीन दर्जन से अधिक फिल्मी और भोजपुरी कलाकार अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे और शादी में शामिल होंगे। दुबई से भी छह मॉडल आ रहे हैं।

सबसे खास बात यह है कि घुड़सवारी प्रतियोगिता भी होगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए देशभर के घुड़सवारों को निमंत्रण दिया गया है। प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार थार, दूसरा बाइक और तीसरा स्कूटी है।

अनंत सिंह इन दिनों शादी की तैयारियों में लगे हैं। वह कार्ड बांट रहे हैं। शादी में पक्ष-विपक्ष, सभी को न्योता दिया जा रहा है। बिहार-झारखंड सहित देश में जहां भी उनके जानने-पहचानने वाले लोग हैं, उन्हें निमंत्रण भेजा जा रहा है। लालू यादव, नीतीश कुमार सहित सभी बड़े नेताओं को न्योता दिया गया है।

अनंत सिंह का मानना है कि शादी-ब्याह में पक्ष-विपक्ष नहीं होता। यह सिर्फ चुनाव में चलता है। बाकी दुख-सुख में सबको एक साथ रहना चाहिए। अनंत सिंह ने कहा कि जिनका नाम और फोन नंबर उनके पास है और याद है, उन सभी को निमंत्रण दे रहे हैं। लेकिन हाथ जोड़कर आग्रह है कि जिस व्यक्ति तक निमंत्रण नहीं पहुंच पाए, वह भी शादी में शामिल हो और बेटी को आशीर्वाद दें। सबका स्वागत है। सभी लोग शादी में शामिल हों। जनता भगवान है, मालिक है। सबको निमंत्रण है।

लेखक के बारे में

By Sunil Singh

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More