बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए आयुर्वेद चिकित्सा का प्रचार-प्रसार जरूरी

रांची: बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयुर्वेद चिकित्सा और इसके महत्व का प्रचार-प्रसार करना आवश्यक है। इसके साथ ही बाल रोग विभाग के विकास के लिए व्यापक अनुसंधान की भी जरूरत है। ये विचार ओड़िशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय के श्री श्री आयुर्वेद महाविद्यालय में आयोजित छह दिवसीय कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए गए।
महाविद्यालय के बाल रोग विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रोफेसर डॉ. तेज प्रताप ने किया। इसमें देश के विभिन्न राज्यों में स्थित आयुर्वेद महाविद्यालयों के 30 से अधिक शोधकर्ताओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया।
उद्घाटन दिवस पर भुवनेश्वर स्थित केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान की सहायक निदेशक डॉ. शारदा ओता ने कार्यक्रम में शामिल होकर कहा कि बाल रोग विभाग के विकास के लिए व्यापक एवं आधुनिक अनुसंधान की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के बाल रोग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बी. एम. सिंह सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं, महाराष्ट्र स्थित यशवंत आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर प्रभात कुमार दाश ने भी सम्मानित अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए आयुर्वेद चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डाला।
समापन समारोह में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के संयुक्त सलाहकार डॉ. देवाशीष पंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने आयुर्वेद के विकास के लिए इस तरह के विचार-विमर्श एवं संगोष्ठियों की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही कहा कि समाज में आयुर्वेद चिकित्सा का प्रचार-प्रसार करना सभी का लक्ष्य होना चाहिए।
श्री श्री आयुर्वेद महाविद्यालय की डीन प्रोफेसर क्षीराब्धि तनया राउतराय ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि बाल रोग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर दुर्गाप्रसाद दाश ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री श्री विश्वविद्यालय के कार्मिक निदेशक स्वामी सत्यचैतन्य ने कहा कि आयुर्वेद हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है तथा हमारे समाज में इसकी उपयोगिता और आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। डॉ. देविका श्रीनिवासन, डॉ. मीरा पाणिग्राही, डॉ. सोनाली नायक एवं डॉ. पुष्पिताबाला जेना ने कार्यक्रम का संचालन किया।


