दीपावली और काली पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी ने 9 पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

1. पूजा समिति की ओर से उपायुक्त को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
सुरक्षा, अग्निशमन और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर, विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग और यातायात नियमों के पालन का निर्देश

रांची: दीपावली एवं काली पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शहर के विभिन्न इलाकों में बनाए जा रहे काली पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली और सुरक्षित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने अल्बर्ट एक्का चौक, कॉसमॉस क्लब, वर्द्धमान कंपाउंड, अग्रदूत क्लब प्लाजा चौक, डोरंडा बाजार काली पूजा समिति, काली मंदिर डोरंडा, कुसई कॉलोनी काली पूजा समिति, छप्पन सेट और एजी कॉलोनी स्थित पूजा पंडालों का जायजा लिया। उन्होंने पंडाल निर्माण, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पूजा समितियों को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।

पंडालों में अग्निशमन और आपातकालीन निकास की व्यवस्था अनिवार्य

उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पंडाल निर्माण और पूजा आयोजन के दौरान जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। पंडालों में विद्युत वायरिंग और अस्थायी बिजली कनेक्शन सुरक्षित तरीके से लगाए जाएं। बिजली के तार खुले या असुरक्षित नहीं छोड़े जाएं। शॉर्ट सर्किट और आगजनी की आशंका को देखते हुए अग्निशमन यंत्र तथा आपातकालीन निकास की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने, अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होने देने तथा आपात स्थिति में त्वरित निकासी की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। पंडालों और आसपास पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

भीड़ प्रबंधन के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती का निर्देश

उपायुक्त ने कहा कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में पूजा समितियां पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करें और भीड़ प्रबंधन में प्रशासन का सहयोग करें। पंडाल परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया।

विसर्जन जुलूस में अनुशासन और यातायात व्यवस्था पर जोर

प्रतिमा विसर्जन को लेकर उपायुक्त ने पूजा समितियों को स्थानीय थाना और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने निर्धारित मार्ग, समय और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग देने का निर्देश दिया।

विसर्जन जुलूस में अनुशासन बनाए रखने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार करने को कहा गया। साथ ही भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीतों, नारों और गतिविधियों से दूर रहने की अपील की गई।

दीपावली पर पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी दीपावली के दौरान सुरक्षित तरीके से आतिशबाजी करने की अपील की है। बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला नहीं छोड़ने, खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही आतिशबाजी करने तथा ज्वलनशील पदार्थों, पेट्रोल पंपों, विद्युत प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों के आसपास पटाखे नहीं जलाने की सलाह दी गई है।

शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी पूजा समितियों, आयोजनकर्ताओं और आम नागरिकों से दीपावली एवं काली पूजा आपसी भाईचारे, प्रेम, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों की ओर से उपायुक्त एवं उपस्थित वरीय पदाधिकारियों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी, समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य जयसिंह यादव एवं सागर कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More