रिम्स की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘पैलेस्ट्रा’ का आगाज, निदेशक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ

रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘पैलेस्ट्रा’ (PALAESTRA) का शुभारंभ 31 अक्टूबर 2026 को पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ हुआ। रिम्स के निदेशक ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रोफेसर इंचार्ज स्टूडेंट सेक्शन, सब-डीन, विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
निदेशक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल अकादमिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है। खेलकूद विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास, धैर्य एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने और खेल भावना को सर्वोपरि रखने की अपील की।

‘पैलेस्ट्रा’ रिम्स की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता है, जिसके अंतर्गत विभिन्न खेल एवं एथलेटिक्स गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य चिकित्सा विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही रिम्स परिसर में उत्साह, उमंग एवं खेल भावना का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।


