Sahibganj News: परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया छात्र, बची सभी परीक्षाओं से किया गया बाहर

साहिबगंज: सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका द्वारा आयोजित यूजी सेमेस्टर-2 (सत्र 2025-29) की परीक्षा के दौरान साहिबगंज महाविद्यालय केंद्र पर एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समाजशास्त्र विषय की परीक्षा के दौरान एक छात्र को कदाचार युक्त सामग्री के साथ नकल करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र पर तैनात अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की। केंद्राधीक्षक सह प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने उक्त परीक्षार्थी को यूजी सेमेस्टर-2 की परीक्षा सारणी में शेष बची सभी परीक्षाओं में शामिल होने से रोकते हुए उसे पूरी तरह अयोग्य घोषित कर दिया है।
डॉ. सिंह ने इस घटना के बाद सभी परीक्षार्थियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे परीक्षा के नियमों का अक्षरशः पालन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार को महाविद्यालय प्रशासन द्वारा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर कदाचार मुक्त माहौल बनाए रखने के लिए निगरानी और सख्त कर दी गई है।


