विधानसभा घेराव: बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा के करीब पहुंचे छात्र, वाटर कैनन और लाठीचार्ज से रोकने की कोशिश

रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विधानसभा घेराव सोमवार को उग्र हो गया। हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लिए बड़ी संख्या में छात्र नई विधानसभा की ओर बढ़े। छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन ने पुराने विधानसभा के पास कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारी लगातार बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ते रहे। छात्र चौथी बैरिकेडिंग भी पार कर विधानसभा से करीब 100 मीटर की दूरी तक पहुंच गए।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों में टकराव, पथराव के बाद लाठीचार्ज

स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें एक पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। हालांकि, इसके बावजूद छात्रों का आगे बढ़ने का सिलसिला नहीं रुका। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग को खींचकर हटा दिया और आगे बढ़ गए।
जयराम महतो भी छात्रों के साथ पहुंचे विधानसभा के करीब

धरने पर बैठे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम महतो भी छात्रों के साथ विधानसभा के करीब पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से वहीं धरना देने और विधानसभा के गेट के पास नहीं जाने का आग्रह किया। जयराम महतो ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने और संयम बनाए रखने की अपील की।
रिफॉर्म मार्च प्रतिनिधिमंडल ने भी छात्रों से की शांति की अपील
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल ने भी लगातार छात्रों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से कहा गया कि आंदोलन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो, इसके लिए छात्र संयम बनाए रखें और विधानसभा की ओर आगे न बढ़ें।
कच्चे और पहाड़ी रास्तों से आगे बढ़े प्रदर्शनकारी
प्रशासन ने मुख्य रास्तों पर बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी कच्चे और पहाड़ी रास्तों से होकर आगे बढ़ गए। कई छात्र जगन्नाथ मंदिर तक पहुंच गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग को पार करने के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया और विधानसभा की दिशा में आगे बढ़ते रहे।
कई जगह छात्रों ने बैरिकेडिंग खींचकर हटाई

कई जगह छात्रों ने बैरिकेडिंग को खींचकर हटा दिया। लगातार बढ़ती भीड़ के कारण रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल के लिए भी प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल से भी छात्रों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने में सहयोग करने का आग्रह किया।
स्पाइडरमैन और वनमानुष के रूप में भी प्रदर्शन में पहुंचे छात्र
विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों का अलग अंदाज भी देखने को मिला। कुछ छात्र स्पाइडरमैन और वनमानुष का रूप धारण कर प्रदर्शन में शामिल हुए। उनके हाथों में विभिन्न संदेश लिखे पोस्टर थे। वहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों में फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार की झलक भी देखने को मिली।
पालकी में धरना स्थल पहुंचे देवेंद्रनाथ महतो
आंदोलन के दौरान भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो भी पालकी में बैठकर धरना स्थल पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी से प्रदर्शनकारियों में उत्साह देखने को मिला। छात्र लंबे समय से जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।
असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की अपील
रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि यदि भीड़ में कोई असामाजिक तत्व नजर आए, तो इसकी सूचना तत्काल प्रतिनिधिमंडल को दी जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ऐसे लोगों को पुलिस के हवाले किया जाएगा, ताकि आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखा जा सके।
जगन्नाथपुर मंदिर तक मार्च और धरने की तैयारी
प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों को बताया कि मार्च को जगन्नाथपुर मंदिर तक ले जाकर वहां धरना दिया जाएगा। हालांकि, विधानसभा की ओर बड़ी संख्या में छात्रों के लगातार बढ़ने और बैरिकेडिंग टूटने के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन प्रदर्शनकारियों को विधानसभा के गेट तक पहुंचने से रोकने की कोशिश कर रहा है, जबकि छात्र अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने पर अड़े हुए हैं।




