“गड्ढा एक्सप्रेसवे:” साहिबगंज की सड़कों पर गड्ढे नहीं, मुफ्त मसाज सेंटर

संजय कुमार धीरज
साहिबगंज: साहिबगंज की सड़कों पर अब गड्ढे नहीं बचे। अब वहां “प्राकृतिक स्पीड ब्रेकर” और “सरकारी मसाज सेंटर” खुल गए हैं। मानसून की पहली बारिश हुई नहीं कि हमारी सड़कें तालाब बन गईं और तालाब में कमल नहीं, गड्ढे खिल गए। बाइक वाला उछलता है, कार वाला झूमता है, और बस वाला तो सीधा योगा करवा देता है।
प्रशासन कहता है “काम चल रहा है”। 6 महीने से चल ही रहा है। लगता है सड़क नहीं, कछुआ चल रहा है। आप सिर्फ साहिबगंज से सकरीगली जाइए। 6 किलोमीटर का रास्ता 60 मिनट में। बीच में 3 बार पंचर, 2 बार सस्पेंशन गया, और 1 बार आत्मा भी निकल गई। पर टैक्स पूरा देना है। “गड्ढा टैक्स” के नाम से नया टैक्स शुरू कर दो साहब।
गांव वाले कहते हैं- “नेता जी चुनाव में आए थे। वादा करके गए थे सड़क बनेगी।” बनेगी नहीं, बन ही गई। मिट्टी, पत्थर और वादों की सड़क। हर साल मरम्मत के नाम पर बजट आता है। पैसा कहां जाता है? शायद उसी गड्ढे में।
सबसे मजेदार बात – मरीज को अस्पताल पहुंचाने में 1 घंटा लगना चाहिए। सड़क की वजह से 3 घंटे लग जाते हैं। डॉक्टर कहते हैं “समय पर लाओ, जान बच जाएगी।” हम कहें “सड़क पर लाओ, गाड़ी बच जाएगी।”
अंत में एक सवाल: विदेश में सड़क पर गड्ढा हुआ तो 24 घंटे में ठीक। यहां 24 महीने में फीता कटता है। क्या हम “विकसित भारत” के लिए “विकसित गड्ढे” डिजर्व करते हैं? आप अपनी गाड़ी का हाल और सस्पेंशन का बिल संभाल कर रखिए। अगली बार जब कोई बोले “विकास हुआ है”, तो बिल दिखा देना।


