चैंबर के पदाधिकारियों ने पंडरा बाजार का निरीक्षण

रांची: पंडरा बाजार में ट्रांसपोर्ट नगर बनाये जाने के राज्य सरकार के फैसले से उत्पन्न समस्या को देखते हुए आज झारखण्ड चैंबर आॅफ काॅमर्स के पदाधिकारियों ने पंडरा बाजार का निरीक्षण के दौरान वहां के व्यवसाईयों के साथ मुलाकात की। मुलाकात के दौरान बाजार प्रांगण के व्यापारियों ने बताया कि अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह लाया गया है कि बाजार की अधिकतर दुकानें बंद रहती हैं जबकि ऐसा नहीं है। मुख्यमंत्री द्वारा जिस दिन बाजार प्रांगण का दौरा किया गया था उस दिन रविवार अवकाश का दिन था जिस कारण अधिकतर दुकानें बंद थी। अधिकारियों द्वारा उन स्थानों को दिखाया गया जिस भूखंड पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कोल्ड स्टोरेज के लिए शिलान्यास किया था। वह शिला पट्ट आज भी उसी स्थान में अवस्थित है। वर्तमान में सभी दुकानें चालू अवस्था में हैं और संचालित हैं। यह भी बताया कि बाजार प्रांगण में दुकानदारों के वेयरहाउसेस भी हैं जो माल के लोडिंग-अनलोडिंग के समय ही खुलती हैं।

व्यापारियों की समस्याओं को सुनने के पश्चात् चैंबर अध्यक्ष रंजीत गाडोदिया ने कहा कि विकास के रास्ते पर मुख्यमंत्री द्वारा किये जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। चैंबर सदैव मुख्यमंत्री के हर प्रयासों में सरकार के साथ खडा है किंतु पंडरा बाजार में ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की योजना कहीं न कहीं अव्यवहारिक है। यह भी कहा कि राजधानी के प्रस्तावित नये मास्टर प्लान में रिंग रोड में ट्रांसपोर्ट नगर को दर्शाया गया है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण रिंग रोड में ही हो और मार्केट यार्ड को अत्यधिक माॅडर्न बनाने का प्रयास करना चाहिए। क्योंकि यातायात की समस्या को देखते हुए अपर बाजार से काफी संख्या में थोक व्यापारियों को पंडरा बाजार का स्थान चयनित कर स्थानांतरित किया गया था। वर्तमान में पंडरा बाजार में संचालित दुकानों के व्यापारी राज्य के व्यापार की रीढ़ हैं जिसे ध्वस्त करने की योजना चिंतनीय है। चैंबर के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना मास्टर प्लान के अनुसार होनी चाहिए जहां भारी मालवाहक वाहन, लघुभार वाहन, टैम्पो, रिक्शा-ठेला, दो हजार दोपहिया वाहनों को खडा करने की व्यवस्था, वाहन चालकों के लिए स्नानागार/विश्राम गृह, ट्रांस्पोर्ट में कार्यरत श्रमिकों/ग्राहकों के लिए ठहरने की व्यवस्था, पब्लिक यूटिलीटि के उपाय सहित बेहतर आधारभूत संरचना आवश्यक है। लेकिन पंडरा बाजार में मात्र 35 एकड़ भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण की कल्पना असंभव है। इस हेतु लगभग 100 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। यह भी कहा गया कि ऐसे समय में जब राजधानी की यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने हेतु राजधानी की सभी सड़कों के कट को बंद कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर राजधानी के सबसे व्यस्ततम ईलाके में सरकार द्वारा प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण का फैसला करना अनुचित प्रतीत होता है।

व्यापारियों ने कहा कि मोमेंटम झारखण्ड और देश-विदेश में रोड शो सहित व्यापारिक/औद्योगिक कानूनों की जटिलताओं में सुधार के सराहनीय प्रयास से राज्य सरकार द्वारा झारखण्ड में निवेश के लिए आकर्षक माहौल उत्पन्न किया गया है किंतु पंडरा बाजार में पूर्व से अवस्थित व्यवसायियों को उजाडकर ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कराना अनुचित है। ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण रिंग रोड में करने से भविष्य में राजधानी में होनेवाली यातायात समस्या पर नियंत्रण बनाया जा सकता है। चैंबर ऐसा महसूस करता है कि शायद इस संबंध में उच्चाधिकारियों द्वारा बिना किसी योजना का निर्धारण किये अथवा राज्य के व्यवसायियों और सरकार के बीच अराजकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से किया जा रहा है जो चिंतनीय है। ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण रिंग रोड के बाहरी चौहद्दी में किया जाना बेहतर विकल्प है। चूंकि ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण राज्य में पहली बार हो रहा है ऐसे में सरकार रिंग रोड में एक बेहतर माॅडल के रूप में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण करे और देश के अन्य राज्यों के समक्ष एक बेहतर ट्रांसपोर्ट नगर की छवि का प्रदर्शन करे। समस्त मामलों पर चैंबर जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर समस्याओं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करेगा और समस्या के निष्पादन का प्रयास करेगा।

सह सचिव प्रवीण जैन छाबडा ने कहा कि चूंकि माननीय मुख्यमंत्री जी रविवार को छुट्टी के दिन बाजार प्रांगण का भ्रमण करने गये थे, इसलिए वहां की अव्यवस्थाओं से पूरी तरह परिचित नहीं हो पाये। मुख्यमंत्री जी से अनुरोध है कि वे अन्य व्यापारिक कार्य दिवसों में भी जाकर बाजार प्रांगण का भ्रमण करें और वहां के व्यापारियों से रू-ब-रू होकर पंडरा बाजार प्रांगण को माॅडर्न एग्रीकल्चर यार्ड के रूप में विकसित करने का प्रयास करें। ऐसा करने से वहां के व्यापार का स्तर भी उनके संज्ञान में आ सकेगा। इस प्रकार स्वयं यह अनुमान लगाया जा सकता है कि पंडरा बाजार में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण करना कितना कठिन है।

बैठक में चैंबर अध्यक्ष रंजीत गाडोदिया, सह सचिव प्रवीण जैन छाबडा, पूर्व अध्यक्ष विनय अग्रवाल, रांची चैंबर की ओर से हरि कनोडिया, शंभू गुप्ता, संजय महुरी, अमित शर्मा, विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, बिंदुल वर्मा, आलू-प्याज थोक विके्रता संघ, महुआ व्यवसायी संघ के सदस्यों के अलावा पंडरा बाजार प्रांगण के सैकड़ों व्यापारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More