सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा देश

नई दिल्ली: सावन के पहले सोमवार पर देशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कश्मीर से कन्याकुमारी तक मंदिरों, पवित्र नदी तटों और जलाशयों में सुबह से ही ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश के उज्जैन, उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ, उत्तराखंड के हरिद्वार और ऋषिकेश, झारखंड के बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) सहित देश के प्रमुख शिव मंदिरों में तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रयागराज के संगम तट पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और भगवान शिव की पूजा की।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गौरी शंकर मंदिर, विश्वेश्वर महादेव मंदिर और बनखंडी मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी। चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में श्रद्धालु रात दो बजे से ही दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस, अर्द्धसैनिक बल और निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर परिसरों में मेटल डिटेक्टर, सीसीटीवी निगरानी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं भी की गई हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्वक दर्शन करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
उधर, विश्वेश्वर महादेव मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक और शिव आराधना का आयोजन किया जा रहा है। देशभर के शिवधामों में दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहेगा।


