कस्तूरबा विद्यालय में काव्य गोष्ठी का आयोजन

खोरीमहुआ(गिरिडीह): नारायणी साहित्य अकादमी ने चेताडीह स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी में शहर के कई कवियों ने भाग लिया। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्राचार्य मदन मोहन मिश्र की अध्यक्षता में हुई इस गोष्ठी में सर्वप्रथम नारायणी साहित्य अकादमी की प्रदेश अध्यक्ष ममता बनर्जी “मंजरी “ने अतिथियों कवियों का स्वागत करते हुए सबका परिचय कराया और शुरू हुआ काव्य पाठ का सिलसिला। जिसमें कवियों ने बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण पर एक से बढ़कर एक रचनाएं प्रस्तुत की।  काव्य पाठ में महेश अमन ने “ऐ लड़की” और प्राध्यापक अनुज कुमार ने “तुम अपना रंजोगम मुझे दे दो” कविता सुनाकर माहौल को संजीदा कर दिया। वहीं वरिष्ठ कवि उदय शंकर उपाध्याय ने “मैं हूं अजन्म सुन मेरी प्यारी मईया” और प्राचार्य मदन मोहन मिश्र ने “हर निराशा के तम से आशा की किरण लाएंगे” सुनाकार सकारात्मक संदेश दिया। शायर मोइनुद्दीन शमसी ने “चट चट चटाचट”, “दाल भात गटागट” हास्य-व्यंग्य रचना पेश कर श्रोता बालिकाओं को हंसने पर मजबूर कर दिया। शायर परवेज शीतल ने कविता लिखने का तरीका बताया और “मायूस मुझे होने नहीं देती” ग़ज़ल सुनाकर छात्राओं की वाह-वाही बटोरी। कवि अभय सिंह ने “ऐसे नहीं नारियां देवी कहलाती हैं” और रीतेश सराक ने’ तुम भरो उड़ान खुले गगन में’ कविताओं को बखूबी पेश किया। कवयित्री ममता बनर्जी ने “करे संघर्ष जीवन भर”, “हमारा यही है संबल” काव्य पाठ कर छात्राओं को एक नई प्रेरणा दी। इसके बाद महेश अमन ने दहेज प्रथा पर एक लघु एकल नाटिका प्रस्तुत किया। जिसे सभी ने बहुत पसंद किया। मंच संचालन ममता बनर्जी मंजरी और धन्यवाद ज्ञापन शंकर पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में गिरिडीह कस्तूरबा बालिका विद्यालय की डिस्ट्रिक्ट जेंडर कॉर्डिनेटर  रानु बोस, वार्डन सीमा अग्रवाल, शिक्षिका वंदना सिन्हा, अर्चना घोष, सकीरा बानो और सरिता लकड़ा का सराहनीय योगदान रहा।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More