जीएसटी पर कार्यशाला का आयोजन

रांची: चैंबर भवन में जीएसटी पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभाग के संयुक्त आयुक्त गोपालकृष्ण तिवारी, आरपी वर्णवाल, बीड़ी भगत के अलावा अन्य प्रोफेशनल उपस्थित थे। कार्यशाला के दौरान विभागीय अधिकारी आरपी वर्णवाल ने जीएसटी के तहत व्यवसायियों को क्या करें और क्या नहीं करें तथ्यों से अवगत कराया। कहा कि व्यापारी अपने प्रतिष्ठान में बोर्ड लगायें। बोर्ड में फर्म का नाम और जीएसटी नंबर लिखना है। प्रतिष्ठानों में यह बोर्ड लगाना अनिवार्य है।  200 से उपर के बिल पर इन्वाॅयस काटना आवश्यक है। कंपोजिट डिलर या टैक्स फ्री डिलर अथवा एक्पोर्ट वाले डिलर बिल आॅफ सप्लाई निर्गत करेंगे जिसपर स्पष्ट लिखा हो कि आप कंपोजिट डिलर हैं और आपको टैक्स लेने का अधिकार नहीं है। इसी प्रकार 50 हजार से अधिक की बिक्री के इन्वाॅयस में उसका पूरा डिटेल और पता देना जरूरी है। साथ ही कहा कि यह देखा जा रहा है कि कुछ व्यापारी एमआरपी पर भी टैक्स चार्ज कर रहे हैं जो पूर्णतः गलत है। एमआरपी सभी टैक्स मिलाकर उल्लिखित है।

वैसे एमआरपी जिसमें 28 फीसदी जीएसटी को घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है, वैसी कंपनियों को यह जिम्मेवारी दी गई है कि कीमत घटाएं और 31 दिसम्बर तक नया एमआरपी लायें। यह भी बताया कि ट्रांस-1 भरने की तिथि 31 दिसम्बर है इसलिए अपडेट करें। रिटर्न के लिए हर व्यापारी को 3बी भरना है। जीएसटीआर-2 और 3 जल्द आ रहा है इसलिए केवल वैसे ही व्यापारी से माल पर्चेस करें जिसे आप जानते हैं और उसने रिटर्न में बिक्री दर्शाया है।

विभागीय अधिकारी बीड़ी भगत ने बिल्डरों की समस्याओं पर प्रकाश डाला और उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु मार्गदर्शन दिया। विभागीय अधिकारी गोपाल तिवारी ने कहा कि बिल्डर अपनी समस्याओं को एक सप्ताह के अंदर चैंबर को उपलब्ध करायें। 15 दिनों के अंदर विभागीय कार्यालय अथवा चैंबर भवन में बिल्डरों के लिए विभाग द्वारा एक बैठक आहूत कर समस्त समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जायेगा। सीए आदित्य शाह ने एंटी प्रोफिटियरींग की बारिकीयों पर अपना प्रकाश डाला।

कार्यशाला का धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष दीनदयाल वर्णवाल ने किया। बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष सोनी मेहता, महासचिव कुणाल अजमानी, पूर्व अध्यक्ष विष्णु बुधिया, अंचल किंगर, जीएसटी उप समिति के चेयरमेन ज्योति पोद्दार, सदस्य किशन अग्रवाल, आरएस अग्रवाल, परेश गट्टानी, प्रकाश शाह, निखिल टिकमानी, सौरभ केडिया, सीए आशीष खोवाल, उमंग जालान, भरत बंका, एमके एैस, सीए जय कुमार जैन, हरबीर सिंह सलूजा सहित काफी संख्या में व्यवसायी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More