कांग्रेस का बयान: भाजपा कार्यालय घेराव ‘प्रतिक्रिया’, भाजपा की ‘चोरी और सीनाजोरी’ अब नहीं चलेगी- विजय शंकर नायक

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव कार्यक्रम को लेकर कहा कि यह किसी प्रकार की नई शुरुआत नहीं, बल्कि भाजपा की कथित उकसावे वाली राजनीति, झूठे प्रचार और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमलों की प्रतिक्रिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लंबे समय से राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ झूठ, दुष्प्रचार, धनबल और सत्ता के दुरुपयोग की राजनीति करती रही है। अब जब कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतर रही है, तो भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की “चोरी और सीनाजोरी” की राजनीति अब अधिक समय तक नहीं चलने वाली है।
विजय शंकर नायक ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष दुश्मन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ होता है। यदि भाजपा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने, झूठे आरोप लगाने, राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करने या लोकतांत्रिक आंदोलनों को दबाने का प्रयास करेगी, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक और जनता के बीच संविधान के दायरे में रहकर उसका जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी न कभी अन्याय के सामने झुकी है और न आगे झुकेगी। लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय और जनता के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजपा को यह भ्रम छोड़ देना चाहिए कि सत्ता के बल पर जनता की आवाज को दबाया जा सकता है। कांग्रेस हर अन्याय और लोकतंत्र-विरोधी कदम का लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जवाब देती रहेगी।
भाजपा कार्यालय घेराव कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बंधू तिर्की, मीडिया संयोजक डॉ. एम. तोसिफ, विजय शंकर नायक, सुन्दरी तिर्की, सतीश पाल मुज्नी, दयामनी बारला, अजय नाथ सहदेव, किशोर नाथ सहदेव, आलोक दुबे, रविन्द्र सिंह, अख्तर अली, बेलस तिर्की, सोनाल शांति, राजेश सिन्हा सनी, कमल कान्त ठाकुर, ऋषिकेश सिंह, फिरोज रिजवी और जगदीश साहू सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




