Sahebaganj News: जर्जर सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रोजाना हो रही दुर्घटनाएं

बरहरवा: कोटालपोखर क्षेत्र में गन्नी चौक से रेलवे फाटक तक जाने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और टूट-फूट के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। बाइक और छोटे वाहन तो आए दिन गड्ढों में फंस जाते हैं।
लोगों ने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और दफ्तर जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली को लेकर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी संबंधित विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है।
लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि गन्नी चौक से रेलवे फाटक तक की सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


