रामगढ़ प्रखंड कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए दो दिवसीय विशेष शिविर का हुआ आयोजन

रामगढ़: जिला परिवहन कार्यालय, दुमका की ओर से शुक्रवार को रामगढ़ प्रखंड कार्यालय के सभागार में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया पूरी की। शिविर के दौरान पहले से ऑनलाइन आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का जिला परिवहन कार्यालय के कर्मियों द्वारा गहन सत्यापन किया गया।
दस्तावेजों की जांच के बाद आवेदकों की फोटोग्राफी एवं डिजिटल हस्ताक्षर (सिग्नेचर) की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके उपरांत परिवहन विभाग के निर्धारित नियमों के अनुसार ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस परीक्षा भी आयोजित की गई।आवेदकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर का संचालन दो चरणों में किया गया। पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चला। निर्धारित समय के अनुसार अभ्यर्थियों को बुलाकर उनकी प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिससे व्यवस्था सुचारु बनी रही और भीड़भाड़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
शिविर में कुल 150 आवेदकों को बुलाया गया था, जिनमें से 116 आवेदक उपस्थित होकर अपनी प्रक्रिया पूरी कर सके, जबकि 34 आवेदक अनुपस्थित रहे।लेर्निंग लाइसेंस का लाभ 89 आवेदकों को मिला जबकि 27 आवेदक अयोग्य घोषित हुए।उपस्थित अभ्यर्थियों के आवेदन का सत्यापन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा गया।परिवहन विभाग के कर्मियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े।
इससे समय और खर्च दोनों की बचत होती है तथा परिवहन सेवाएं लोगों तक आसानी से पहुंचती हैं।शिविर के सफल संचालन में अभय टेटे (एमजीआई), बिपिन कुमार (प्रधान सहायक), उमेश कुमार सिन्हा, सुमन कुमार झा, राकेश रौशन, बीरेंद्र तिवारी सहित जिला परिवहन कार्यालय के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान सभी कर्मी आवेदकों को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराते रहे।




