साहिबगंज में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, DEO नयन कुमार बने प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी

साहिबगंज: जिला प्रशासन में महत्वपूर्ण फेरबदल किए गए हैं। उपायुक्त की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार को प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। खेल विभाग में रिक्त पद को देखते हुए डीईओ नयन कुमार को तत्काल प्रभाव से यह जिम्मेदारी दी गई है। अब वे शिक्षा के साथ-साथ जिले में खेल गतिविधियों के संचालन और प्रचार-प्रसार का कार्य भी देखेंगे।
वहीं दूसरी ओर, अपर समाहर्ता विजय कुमार को जिला विधि शाखा का प्रभारी उप समाहर्ता नियुक्त किया गया है। अब वे जिले से संबंधित कानूनी मामलों, न्यायालयों में लंबित मुकदमों और विधि शाखा के कार्यों का निष्पादन करेंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, खेल और विधि शाखा के कार्यों में तेजी लाने और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से यह प्रतिनियुक्ति की गई है। आदेश जारी होने के बाद दोनों पदाधिकारियों ने अपने-अपने नए दायित्व संभाल लिए हैं।




