सफलता की कहानी: कृषि विभाग ‘आत्मा’ के सहयोग से आत्मनिर्भरता का मॉडल बना तेलो गांव

साहिबगंज के बोरियो प्रखंड का तेलो गांव कृषि विभाग 'आत्मा' के सहयोग से मशरूम उत्पादन का एक सफल मॉडल बनकर उभरा है। 'बिरसा किसान सम्मान' से सम्मानित खूबलाल पंडित के मार्गदर्शन में गांव के 35 से अधिक परिवार और स्थानीय महिलाएं सालभर मशरूम की विभिन्न प्रजातियां उगाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

साहिबगंज: कृषि विभाग आत्मा के सहयोग से बोरियो प्रखंड की तेलो पंचायत का तेलो गांव मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में सफल मॉडल बनकर उभरा है। कम लागत, कम जगह और कम समय में बेहतर मुनाफा देने वाली मशरूम खेती ने गांव के कई परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत कर दी है। अब तेलो गांव की पहचान पारंपरिक खेती के साथ मशरूम उत्पादन से भी होने लगी है।

वर्तमान में गांव के 6 से 7 परिवार मिल्की व्हाइट मशरूम और करीब 30 परिवार ऑयस्टर यानी दिंगरी मशरूम का उत्पादन कर रहे हैं। मौसम के अनुसार बैदी बटन मशरूम की खेती भी की जा रही है। सालभर अलग-अलग प्रजातियों के मशरूम उगाने से किसानों को नियमित आय मिल रही है। ऑयस्टर मशरूम का उत्पादन अगस्त से अप्रैल तक, मिल्की व्हाइट मशरूम का अप्रैल से अगस्त तक और बैदी मशरूम का उत्पादन जून-जुलाई में किया जाता है।

इस बदलाव में तेलो गांव के प्रगतिशील किसान खूबलाल पंडित की अहम भूमिका रही है। उन्होंने रामकृष्ण मिशन रांची और साहिबगंज आरसेटी से मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद अपने अनुभव और ज्ञान को अन्य किसानों तक पहुंचाया। उनके प्रयासों से क्षेत्र के कई किसान मशरूम उत्पादन से जुड़कर रोजगार पा रहे हैं। उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें जिला स्तर पर ‘बिरसा किसान सम्मान’ से सम्मानित किया जा चुका है।

खूबलाल पंडित के साथ चंद्रदेव पंडित, राम बाबू पंडित, मीणा देवी, गीता देवी, कमेली मुर्मू, प्रधान मुर्मू, राजकुमार पंडित और मालो हेम्ब्रम समेत कई किसान इस काम से सक्रिय रूप से जुड़े हैं। खासकर महिलाओं की भागीदारी ने इस पहल को और मजबूती दी है। घर के पास रोजगार मिलने से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और परिवार की आय बढ़ाने में मदद कर रही हैं।

मशरूम उत्पादन से तेलो गांव में आर्थिक और सामाजिक बदलाव साफ दिख रहा है। पहले ज्यादातर परिवार सिर्फ पारंपरिक खेती पर निर्भर थे। अब मशरूम खेती उनके लिए अतिरिक्त आय और आत्मनिर्भरता का जरिया बन गई है। किसानों का कहना है कि अगर बाजार, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग लगातार मिलता रहा तो तेलो गांव जल्द ही मशरूम उत्पादन का बड़ा केंद्र बन सकता है।

कृषि विभाग आत्मा के मार्गदर्शन और किसानों की मेहनत से तेलो गांव आज ग्रामीण विकास, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रहा है। यह पहल न सिर्फ किसानों की आय बढ़ा रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More