विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर साहिबगंज में जागरूकता अभियान, बच्चों के अधिकारों पर दिया गया जोर

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), साहिबगंज द्वारा जिले के विभिन्न पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

साहिबगंज: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना था।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि जागरूकता सप्ताह के तहत पारा लीगल वॉलंटियर्स (न्याय मित्रों) ने गांव-गांव जाकर लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों और बच्चों के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल श्रम बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास को प्रभावित करता है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य में बाधा बनता है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बाल श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम, शिक्षा का अधिकार अधिनियम, किशोर न्याय कानून तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है।

जागरूकता अभियान में बाल तस्करी, बंधुआ मजदूरी, बाल शोषण और बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को यह जानकारी दी गई कि यदि किसी बच्चे से अवैध रूप से श्रम कराया जा रहा हो या उसके अधिकारों का हनन हो रहा हो तो संबंधित विभाग अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने भविष्य में भी इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More