पर्यावरण सप्ताह के चौथे दिन बीसीसीएल ब्लॉक-2 क्षेत्र में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

धनबाद: पर्यावरण सप्ताह (01 से 05 जून) के चौथे दिन गुरुवार को पर्यावरण विभाग, ब्लॉक-2 क्षेत्र द्वारा 14 नंबर हाजरी घर (नद्खुरकी) के समीप वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के आरंभ में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आचरण अपनाने की शपथ ली। इसके बाद कई फलदार एवं अन्य उपयोगी पौधों का रोपण किया गया।
मौके पर उपस्थित क्षेत्रीय प्रबंधक (पर्यावरण) उत्तम कुमार झा ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को पौधे लगाने चाहिए, ताकि पर्यावरण का संतुलन बना रहे। हमारे जीवन के लिए पेड़-पौधों का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करते हैं।




