MVP बनने के बाद वैभव का बड़ा बयान- हर मैच में एक जैसी बल्लेबाजी नहीं हो सकती

आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप सहित पांच बड़े पुरस्कार अपने नाम किए।

अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में शानदार प्रदर्शन कर मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) का पुरस्कार जीतने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा है कि इस सीजन उन्होंने दबाव में बल्लेबाजी करना और मैच की परिस्थितियों के अनुसार अपने खेल को ढालना सीखा है।

रविवार देर रात खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार समारोह में वैभव ने कहा कि क्रिकेट में हर मैच की परिस्थितियां अलग होती हैं और एक बल्लेबाज को उसी के अनुरूप अपना खेल बदलना पड़ता है।

उन्होंने कहा, “इस सीजन मैंने दबाव में बल्लेबाजी करना सीखा है। मैंने यह भी सीखा कि परिस्थितियों के अनुसार अपने खेल को कैसे बदला जाए। हर मैच में एक जैसी बल्लेबाजी नहीं की जा सकती, खासकर प्लेऑफ जैसे बड़े मुकाबलों में।”

16 मैचों में 776 रन, रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन

महज 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से धमाल मचा दिया। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.31 रहा, जो इस सीजन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में शामिल है।

वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में एक शतक और पांच अर्धशतक जड़े तथा राजस्थान रॉयल्स को क्वालिफायर-2 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

एक सीजन में जीते 5 बड़े अवॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन व्यक्तिगत पुरस्कारों पर भी अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने:

  • एमवीपी ऑफ द सीजन
  • ऑरेंज कैप
  • एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन
  • सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन
  • सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन

जैसे पांच बड़े सम्मान अपने नाम किए।

फिटनेस पर रहेगा फोकस

सीजन समाप्त होने के बाद अपनी योजनाओं को साझा करते हुए वैभव ने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान फिटनेस पर रहेगा।

उन्होंने कहा, “मैं लंबे समय तक क्रिकेट खेलना चाहता हूं, इसलिए फिटनेस पर विशेष ध्यान दूंगा और चोटों से बचने की कोशिश करूंगा।”

टीम मैनेजमेंट और सीनियर खिलाड़ियों का जताया आभार

वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजमेंट और वरिष्ठ खिलाड़ियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके समर्थन और मार्गदर्शन ने उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद की है।

उन्होंने कहा, “सीनियर खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मेरे लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा है। सभी ने हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया और मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।”

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More