साहिबगंज में शुरू हुआ ‘चुप्पी तोड़ो-स्वस्थ रहो’ अभियान

साहिबगंज: महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर जिले में “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने इस व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। यह विशेष अभियान 28 मई से 04 जून 2026 तक पूरे जिलेभर में चलाया जाएगा।
अभियान का मकसद महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़े स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, समाज में माहवारी को लेकर फैली चुप्पी, संकोच और भ्रांतियों को दूर कर सकारात्मक सोच विकसित करना है। जबकि इस वर्ष की थीम-“सभी किशोरियों एवं महिलाओं के लिए माहवारी अनुकूल वातावरण का निर्माण” करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि माहवारी स्वच्छता प्रबंधन सिर्फ महिलाओं का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुरुषों को भी इस विषय में संवेदनशील बनाया जाना जरूरी है, ताकि वे अपनी भूमिका समझें और महिलाओं को जरूरी सहयोग दे सकें। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता शशि शेखर सिंह ने बताया कि हमारा उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य, सम्मान, आत्मविश्वास और सुरक्षित माहवारी प्रबंधन के प्रति सक्षम बनाना है। हम समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित कर रहे हैं ताकि इस विषय पर खुलकर संवाद हो सके।
उपस्थित सभी लोगों ने हाथों में रेड डॉट प्रदर्शित कर स्वच्छता का संदेश दिया। पदाधिकारियों एवं कर्मियों को माहवारी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। शपथ में स्वच्छता, जागरूकता और महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में सहायक अभियंता, सभी कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। ‘चुप्पी तोड़ो’ सिर्फ नारा नहीं, उन लाखों किशोरियों के लिए सम्मान की गारंटी है जो आज भी माहवारी के नाम पर स्कूल छोड़ देती हैं।




