Dhanbad News: सदर अस्पताल का देश भर में डंका, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम में मिला पूरे भारत में तीसरा स्थान

धनबाद: राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के तहत सोमवार को धनबाद सदर अस्पताल ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। किसी स्वास्थ्य योजना में राष्ट्रीय स्तर पर धनबाद को पहली बार टॉप-3 में स्थान मिला है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी रैंकिंग में यह उपलब्धि सदर अस्पताल के युवा मैत्री केंद्र के उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर मिली है।
युवा मैत्री केंद्र को एडोलसेंट फ्रेंडली हेल्थ सर्विस, वीकली आयरन फोलिक एसिड सप्लीमेंटेशन, पियर एजुकेटर प्रोग्राम तथा मेंस्ट्रूअल हाइजीन स्कीम के प्रभावी संचालन के लिए सराहा गया। केंद्र द्वारा किशोर-किशोरियों को शारीरिक, मानसिक एवं हार्मोनल बदलावों से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक करने और सही परामर्श देने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा तथा केंद्र की काउंसलर रानी प्रसाद को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सदर अस्पताल धनबाद की पहचान बनना जिले के लिए गौरव की बात है।
काउंसलर रानी प्रसाद ने कहा कि यह सफलता पूरे स्वास्थ्य विभाग की टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में बच्चों के मन में कई तरह की जिज्ञासाएं और भ्रम उत्पन्न होते हैं। केंद्र का प्रयास उन्हें सकारात्मक दिशा देने और मानसिक रूप से जागरूक बनाने का है।


