Ranchi News: DSPMU में कुलपति डॉ. राजीव मनोहर की अध्यक्षता में पीएचडी नामांकन बैठक संपन्न

DSPMU में पीएचडी और पीजी नामांकन को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते कुलपति डॉ. राजीव मनोहर।

रांची: मंगलवार को 3 बजे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची में कुलपति डॉ राजीव मनोहर की अध्यक्षता में संपन्न एक महत्वपूर्ण बैठक के उपरांत वर्तमान सत्र के लिए पीएचडी और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए आवेदन करने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई। विद्यार्थियों के लिए अकादमिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण इस बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा निर्मित यूजीसी पीएचडी रेगुलेशन, 2022 के आधार पर अभ्यर्थियों से पीएचडी के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।

यूजीसी पीएचडी रेगुलेशन, 2022 के आधार पर निर्मित इस प्रस्ताव के अनुसार विश्वविद्यालय में पीएचडी पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं पीएचडी के लिए पात्र तथा पीएचडी एडमिशन के लिए पात्र नेट, जेट उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। इस नामांकन प्रक्रिया के अनुसार असिस्टेंट प्रोफेसर अधिकतम चार, एसोसिएट प्रोफेसर छह और प्रोफेसर आठ विद्यार्थियों का पीएचडी पाठ्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।

कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने इस संबंध में कहा कि पीएचडी में प्रवेश के लिए आवेदन विभागों में उपलब्ध रिक्त शोध सीटों और विभागीय संसाधनों और शोध पर्यवेक्षकों की क्षमता के आधार पर आमंत्रित किए जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि चूंकि पीएचडी में नामांकन की पूरी प्रक्रिया अक्टूबर माह में ही समाप्त करने का प्रयास है , अतः पीएचडी में नामांकन के लिए अहर्ता प्राप्त आवेदकों से 25 अक्टूबर 2026 तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए जाएंगे।

इसके उपरांत अकादमिक अंकों और साक्षात्कार के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का विभिन्न विषयों के लिए पीएचडी शोध पाठ्यक्रम के लिए अंतिम रूप से चयन किया जायेगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए 600 का शुल्क निर्धारित है जो विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में पीएचडी में नामांकन के लिए विभागवार रिक्त सीटों की संख्या इस प्रकार है। मानवविज्ञान 5, बांग्ला 4, बॉटनी 3, रसायन विज्ञान 8, अंग्रेजी 1, अर्थशास्त्र 2, हिंदी 3, इतिहास 2, भूगोल 1, फिलोस्फी 1, राजनीति विज्ञान 8, भौतिकी 2, मनोविज्ञान 1, संस्कृत 1, जूलॉजी 5 और उर्दू 1।

इसके अलावा आज ही वर्तमान सत्र 2026 से 2028 के लिए भी विभिन्न पारंपरिक और व्यवसायिक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नामांकन को लेकर भी अधिसूचना जारी कर दी गईं। स्नातकोत्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में भी आवेदन के लिए अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है जबकि प्रथम चयन सूची विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर 27 अक्टूबर को प्रकाशित कर दी जाएगी। इस प्रथम चयन सूची के लिए ऑन लाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है।

रिक्त सीट होने पर स्नातकोत्तर नामांकन के लिए दूसरी सूची का प्रकाशन किया जाएगा। एकेडमिक काउंसिल डीन, एकेडमिक अफेयर्स डॉ नमिता सिंह ने बताया कि पीएचडी और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में आवेदन से लेकर अहर्ता, शुल्क और पाठ्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर उपलब्ध है। कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा विश्वविद्यालय अक्टूबर माह के अंत तक पीएचडी और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया को संपन्न कराने को लेकर कटिबद्ध है। यह जानकारी निदेशक जनसंपर्क डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More