‘एनकाउंटर का डर सताता था…’ शुभेंदु अधिकारी के PA केस में रिहा राज सिंह ने बयां किया दर्द

Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। इस केस में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन इस पूरे मामले में एक ऐसा मोड़ भी आया जिसने सबको हैरान कर दिया।
बलिया के रहने वाले राज सिंह को पुलिस ने इस हत्याकांड में गिरफ्तार किया था, मगर बाद में पता चला कि यह तो गलत आदमी था। सीबीआई ने जब खुद जांच की तो राज सिंह को पूरी तरह बेकसूर पाया और उन्हें सम्मान के साथ रिहा कर दिया गया।
राज सिंह की ने सुनाई दर्दभरी कहानी
जेल से बाहर आने के बाद राज सिंह ने जो बताया, वो सुनकर रूह कांप जाती है। उन्होंने कहा कि वो अपनी मां के साथ अयोध्या दर्शन करके लौट रहे थे, तभी रास्ते में पुलिस की टीम ने उन्हें दबोच लिया। उनकी एक नहीं सुनी गई, कोई सबूत नहीं मांगा गया, बस पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने एनकाउंटर की धमकी देकर जबरदस्ती कबूलनामा करवाने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें कोलकाता ले जाया गया जहां सीआईडी ने उन पर दबाव बनाया कि वो उस जुर्म को कुबूल करें जो उन्होंने किया ही नहीं था।
राज सिंह ने कहा “हर रात मुझे यही डर सताता था कि कहीं झूठे केस में फंसाकर मुठभेड़ में मार न दिया जाए। भला ऐसे में कौन नहीं डरेगा?”
सीबीआई की जांच में जब सच सामने आया तो राज सिंह को बाइज्जत बरी किया गया। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई का शुक्रिया अदा किया।
सीएम योगी से लगाई गुहार
राज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि उस पुलिस टीम के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो जिसने बिना किसी सबूत के उन्हें गिरफ्तार किया। उन्होंने यह भी कहा कि वो खुद भाजपा से जुड़े रहे हैं, उनके पिता भी पार्टी में थे और वो क्षत्रिय महासभा से भी जुड़े रहे हैं, लेकिन इस मुश्किल घड़ी में किसी भी संगठन ने उनका साथ नहीं दिया।


