Ranchi News: बीआईटी मेसरा से पीएचडी करने वाली तुरुप गांव की पहली महिला बनीं आरती कुमारी

डॉ. आरती कुमारी को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित करते सुदेश महतो।

रांची: तुरुप गांव की होनहार बेटी इंजीनियर आरती कुमारी ने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), मेसरा से इंजीनियरिंग में पीएचडी की उपाधि हासिल कर पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। वह तुरुप गांव की पहली महिला हैं, जिन्होंने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त कर एक नया इतिहास रचा है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने आरती कुमारी के आवास पहुंचकर उन्हें अंगवस्त्र एवं पारितोषिक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने आरती को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सफलता प्रेरणा का स्त्रोत: सुदेश महतो

इस अवसर पर सुदेश महतो ने कहा कि आरती कुमारी की सफलता केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। यह उन गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी उपलब्धि साबित करती है कि प्रतिभा किसी की आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती। मेहनत, लगन, दृढ़ इच्छाशक्ति और शिक्षा के प्रति समर्पण से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आरती कुमारी का सफर उन बेटियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो अभावों के बीच अपनी पहचान बनाने का सपना देखते हैं। गांव की बेटियां आज अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। यदि ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिले, तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन कर सकती हैं।

आजसू पार्टी शिक्षा, प्रतिभा और युवाओं की आकांक्षाओं को सम्मान देने के संकल्प के साथ ऐसी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करती है। आरती कुमारी की सफलता झारखंड के युवाओं को यह विश्वास दिलाती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, मजबूत संकल्प और निरंतर प्रयास से सफलता की नई इबारत लिखी जा सकती है।

सुदेश महतो ने विश्वास जताया कि आरती की उपलब्धि से प्रेरणा लेकर झारखंड के अन्य ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चे भी अपने सपनों को नई उड़ान देंगे तथा अपनी प्रतिभा से राज्य और देश का गौरव बढ़ाएंगे। आजसू परिवार की ओर से इंजीनियर आरती कुमारी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई हैं।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More