गिरिडीह में छात्रा पायल कुमारी की संदिग्ध मौत से सनसनी, भाजपा ने उठाए सवाल

गिरिडीह: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया निवासी जागेश्वर दास की 17 वर्षीय पुत्री पायल कुमारी की संदिग्ध मौत को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पायल कुमारी 18 मई 2026 की सुबह घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने रात लगभग 8:30 से 9:00 बजे के बीच मुफस्सिल थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई।
काफी खोजबीन के बावजूद पायल का कोई पता नहीं चल सका। बाद में 20 मई 2026 की सुबह करीब 6:00 बजे उसरी नदी के पुराने पुल के नीचे उसका शव बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सिंकू सिन्हा, अनुप सिन्हा, संत कुमार लल्लू एवं पंचानन वर्मा मृतका के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे और परिवार को ढाढस बंधाया।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने घटना की जानकारी लेते हुए कहा कि यह मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध हत्याकांड प्रतीत होता है और इसकी निष्पक्ष एवं गहन जांच होनी चाहिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने गिरिडीह पुलिस अधीक्षक से मांग करते हुए कहा कि मामले की जल्द से जल्द जांच कर सभी दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।
नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस घटना की कड़ी निंदा करती है और पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी।




