Pakur News: भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क, फतेहपुर में 6 महीने में ही दम तोड़ने लगी नई पीसीसी सड़क
8-1024x614.jpeg)
पाकुड़: जिले के आमड़ापाड़ा प्रखंड अंतर्गत जड़ाकी पंचायत के फतेहपुर गांव में विकास के नाम पर बनाई गई पीसीसी सड़क अब सवालों के कटघरे में खड़ी दिखाई दे रही है। करीब 5–6 महीने पहले डीएनएफटी विभाग से बनी यह सड़क अब अपनी बदहाल स्थिति के कारण चर्चा का विषय बन गई है। सड़क की हालत देखकर लोग में भारी आक्रोश है और लोग इसे विकास नहीं बल्कि “भ्रष्टाचार की सड़क” बता रहे हैं।
सड़क पर चलते लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती गई है। सड़क के बीचों-बीच कई जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं। जिस सड़क से वर्षों तक सुविधा मिलने की उम्मीद थी, वह कुछ ही महीनों में दम तोड़ती नजर आ रही है। हालत ऐसी है कि सड़क देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है कि इसका निर्माण हाल ही में हुआ है।
कुछ लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। सीमेंट, गिट्टी और बालू के इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार विकास योजनाओं के लिए लाखों रुपये खर्च करती है, लेकिन जमीन पर हकीकत कुछ और ही कहानी बयां करती नजर आती है।
अब लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर निर्माण कार्य की निगरानी किसने की? गुणवत्ता जांच हुई भी या सिर्फ कागजों में खानापूर्ति कर दी गई? लोगों का कहना है कि अगर समय रहते जांच नहीं हुई तो कुछ ही दिनों में सड़क पूरी तरह जर्जर हो सकती है।डीएनएफटी विभाग से फोन पर बातचीत करने पर उन्होंने कहा कि मामले को संज्ञान में लिया जाएगा और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी
वहीं जब इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल मामले की जानकारी नहीं है और अभी तक ऐसी कोई शिकायत या सूचना उनके संज्ञान में नहीं आई है। उन्होंने कहा कि यदि मामला अखबार में प्रकाशित होता है या संज्ञान में आता है तो इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी
अब पूरे इलाके की नजर प्रशासन पर टिकी हुई है। सवाल यह है कि फतेहपुर सड़क की दरारों में छिपे सच की जांच होगी या फिर यह मामला भी फाइलों की धूल में दबकर रह जाएगा? क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या भ्रष्टाचार की सड़क यूं ही लोगों के भरोसे को तोड़ती रहेगी?


