झारखंड की कानून व्यवस्था पर बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर तीखा हमला

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद में प्रेस वार्ता कर झारखंड की कानून व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधी, माफिया और पुलिस का गठजोड़ सक्रिय है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। बाबूलाल ने प्रिंस खान मामले, अवैध हथियार सप्लाई और कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच NIA से कराने की मांग की।

धनबाद: Babulal Marandi ने झारखंड की कानून व्यवस्था को लेकर Hemant Soren सरकार पर तीखा हमला बोला है। धनबाद में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के संरक्षण में अपराधी और माफिया फल-फूल रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कानून व्यवस्था के मामले में झारखंड की स्थिति “खतरनाक मोड़” तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में पुलिस, गैंगस्टर और माफिया का गठजोड़ बन चुका है, जिससे आम जनता और कारोबारियों का विश्वास सरकार और पुलिस प्रशासन से पूरी तरह डगमगा गया है।

उन्होंने कहा कि “झारखंड की कानून व्यवस्था बिगड़ी नहीं है बल्कि बिगाड़ी गई है।” बाबूलाल ने आरोप लगाया कि जब दागी अफसरों को जिलों और प्रदेश में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया जाएगा तो बेहतर कानून व्यवस्था की उम्मीद नहीं की जा सकती।

प्रेस वार्ता में बाबूलाल मरांडी ने धनबाद एसएसपी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यहां “वर्दी और बिना वर्दी वाले गुंडों में एक-दूसरे के कपड़े खोलने की प्रतिस्पर्धा” चल रही है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर धनबाद में अपराध, अवैध हथियार सप्लाई और कथित आतंकी नेटवर्क की जांच की मांग की गई है। बाबूलाल ने दावा किया कि Prince Khan द्वारा जारी वीडियो में पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते अवैध हथियार सप्लाई की बात सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों और पुलिस की मिलीभगत के कारण यह नेटवर्क फल-फूल रहा है।

मरांडी ने कहा कि यह मामला केवल अंतरराज्यीय गिरोह तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय गिरोह से भी जुड़ा हो सकता है। उन्होंने पूरे मामले की जांच National Investigation Agency (NIA) से कराने की मांग की।

उन्होंने शराब घोटाले और अफसरों की नियुक्ति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। बाबूलाल ने कहा कि शराब घोटाले में गिरफ्तार लोगों को चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण “बाय डिफॉल्ट बेल” मिल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस की लापरवाही के कारण कार्रवाई कमजोर पड़ी।

इसके अलावा उन्होंने पूर्व डीजीपी Anurag Gupta और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति तथा सेवा विस्तार को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों को ताक पर रखकर नियुक्तियां और सेवा विस्तार दिए गए, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हुई।

इस दौरान प्रेस वार्ता में Dhullu Mahto भी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More