Sahebganj News: 10 दिन में ही दम तोड़ गई पलटनिया रोड, शहर की सड़क पर उठे सवाल  

बरहरवा की पलटनिया रोड निर्माण के महज 10 दिनों के भीतर ही उखड़ने लगी है। सड़क पर डामर और गिट्टी बिखरने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने और मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

साहिबगंज: बरहरवा प्रखंड के सड़कों की गुणवत्ता की पोल खुल गई है। तेतुलिया होली फैमिली स्कूल के पास से निकलकर झिकटिया चौक होते हुए पतना चौक तक जाने वाली पलटनिया रोड निर्माण के 10 दिन के भीतर ही उखड़ने लगी है। जगह-जगह गिट्टी और डामर बिखरने से लोगों में संवेदक के खिलाफ भारी नाराजगी है।  

हाथ से निकल रही सड़क  

स्थानीय दुकानदार राजू साह ने बताया कि सड़क की ऊपरी परत हाथ लगाने से ही उखड़ रही है। बारिश तो दूर, हल्की धूप और वाहनों के दबाव में ही सड़क टूटने लगी है। कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। धूल उड़ने से दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है।  

10 दिन में कैसे खराब हुई सड़क  

लोगों का कहना है कि सड़क बने अभी 10 दिन भी पूरे नहीं हुए और यह हाल हो गया। इससे साफ है कि निर्माण में मानकों को ताक पर रखकर घटिया मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। पलटनिया रोड शहर की व्यस्त सड़कों में से एक है। रोजाना सैकड़ों वाहन और स्कूली बच्चे इसी रास्ते से गुजरते हैं।  

जांच की मांग  

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से पूरे मामले की जांच की मांग की है। लोगों ने कहा कि सरकारी राशि की खुलेआम बर्बादी हुई है। दोषी संवेदक को ब्लैकलिस्ट कर सड़क का दोबारा निर्माण कराया जाए। वार्ड पार्षद ने कहा कि इसकी शिकायत वरीय अधिकारियों से की जाएगी। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे। फिलहाल विभाग या संवेदक की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More