जमुई में चमचमाते नोटों की खनक: कचहरी चौक पर SBI का विशेष नोट विनिमय मेला
-1024x614.jpeg)
जमुई: भारतीय स्टेट बैंक जमुई की मुख्य शाखा ने कचहरी चौक पर आम जनता की सहूलियत के लिए एक विशेष ” सिक्का एवं नोट विनिमय मेले ” का आयोजन किया। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया पटना के सहायक प्रबंधक मिथलेश कुमार यादव ने अग्नि ज्योति प्रज्वलित कर मेला का आगाज करते हुए कहा कि यह मेला छुट्टे पैसों की कमी को दूर करने के साथ लेनदेन को सुगम बनाता है। यहां लोग पुराने और कटे-फटे नोटों के बदले चमकते हुए नए नोट और सिक्के प्राप्त करते हैं।
मेला का मुख्य ध्येय छोटे मूल्य के नोटों और सिक्कों की खुदरा समस्या को दूर करना तथा स्वच्छ नोट नीति को बढ़ावा देना है। आरबीआई के निर्देशों के तहत आयोजित इस मेले में 10 , 20 , 50 और 100 के नोटों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाती है। आम जनता को कटे-फटे तथा गंदे नोटों के बदले जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाती है। नकली नोटों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ बैंकिंग सेवा को और ज्यादा सुलभ बनाना इस मेला का ध्येय है। मिथलेश कुमार यादव ने डिजिटल धोखाधड़ी, असली-नकली नोटों की पहचान के अलावे अन्य बैंकिंग सेवाओं की विस्तार से चर्चा की और लोगों को इसके लिए जागरूक किया।
आरबीआई पटना के सहायक प्रबंधक सौरभ रस्तोगी ने कहा कि छोटे नोट और सिक्के से खरीददारी में सहूलियत होती है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन को जारी रखने का ऐलान किया ताकि आमलोगों और कारोबारियों को राहत मिलती रहे। मुख्य प्रबंधक सौरभ कुमार ने अतिथियों का गर्मजोशी से इस्तकबाल करते हुए कहा कि बैंक बिना किसी शुल्क के नोट बदलने की सुविधा देता है। नागरिक बेझिझक बैंक जाकर कटे-फटे और गंदे नोटों को बदलकर नया नोट प्राप्त कर सकते हैं।
वहीं एलडीएम लक्ष्मी एक्का ने नागरिकों के बीच नोट तथा सिक्का विनिमय सुविधा से संबंधित नॉलेज कार्ड का वितरण किए जाने की बात बताते हुए इसे आमजनों से अमल में लाए जाने का आग्रह किया। उधर जैसे ही बाजार में नए नोटों के वितरण की सूचना फैली, बैंक परिसर के बाहर ग्राहकों और आम नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने पुराने नोटों को बदलने और छोटे सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उत्साहित नजर आए। अंकित करने वाली बात है कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशों के क्रम में ”स्वच्छ नोट नीति” को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया गया है।
कैश अधिकारी प्रवीण कुमार , सीएसी प्रबंधक प्रकाश कुमार आदि बैंक ओहदेदार इस अवसर पर उपस्थित थे। इधर भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जमुई जिला में कार्यरत बैंक कर्मियों के क्षमतावर्धन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का भी आयोजन किया। आरबीआई पटना के प्रबंधक मिथलेश यादव ने प्रशिक्षण शिविर में आम नागरिकों के द्वारा प्रस्तुत कटे फटे तथा गंदे नोटों को बदले जाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उपस्थित बैंककर्मियों के ज्ञानवर्धन के साथ उनका क्षमतावर्धन किया।
उन्होंने इस दरम्यान बैंक नोटों की सुरक्षा विशेषताओं तथा असली-नकली नोटों की पहचान पर विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्वेश्य बैंकों द्वारा आम जनता को आसानी एवं पारित रूप से कटे-फटे तथा गंदे नोटों के बदले जाने की सुविधा उपलब्ध कराना और नकली नोटों के प्रसार की रोकथाम किया जाना है। शिविर में अधिकांश बैंक कर्मी उपस्थित थे।




