‘मैं हारी नहीं हूं, इस्तीफा नहीं दूंगी’ सत्ता गंवाने के बाद ममता का पलटवार; BJP-EC पर गंभीर आरोप

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजे सामने आने के बाद ममता बनर्जी ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि INDI गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और वे जल्द ही सभी सहयोगी नेताओं से मुलाकात करेंगी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों और बाहुबलियों की मदद से उनकी जीत जबरन छीनी गई। उनका कहना था कि यह नतीजे भाजपा की असली जीत नहीं, बल्कि ताकत के दम पर हासिल किए गए हैं।
ममता बनर्जी ने कहा, “हमारे साथ जो हुआ वह बिल्कुल गलत था। मुझे उम्मीद नहीं थी कि केंद्रीय बल इस तरह पेश आएंगे। मनमोहन सिंह और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकारों में मैंने ऐसी तानाशाही कभी नहीं देखी। इन लोगों ने सभी मर्यादाएं तोड़ दी हैं। यह उनकी छवि पर एक बड़ा दाग है और अब वे किसी को मुंह दिखाने के लायक नहीं रहे।”
‘मैं हारी नहीं हूं, इस्तीफा नहीं दूंगी’
बंगाल में सत्ता गंवाने के बाद तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह उनकी नैतिक हार नहीं है, बल्कि जबरन और धोखे से उनके हाथ से जीत छीनी गई है। उन्होंने कहा कि हमने कभी किसी को परेशान नहीं किया, लेकिन पिछले तीन दिनों से भाजपा लगातार उनके कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है और उन पर दबाव बनाया जा रहा है।
ममता को विपक्षी नेताओं ने किया फोन
ममता बनर्जी ने बताया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन ने उन्हें फोन कर पूरा समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि INDI गठबंधन के सभी साथी उनके साथ खड़े हैं और आने वाले दिनों में यह एकजुटता और मजबूत होगी। अखिलेश यादव उसी दिन मिलने आना चाहते थे, लेकिन उन्होंने अगले दिन का समय दिया।
उन्होंने कहा, “मेरा मकसद एकदम स्पष्ट है। मैं INDI गठबंधन को मजबूत करूंगी, एक आम नागरिक की तरह। अभी मेरे पास कोई पद नहीं है, इसलिए कोई यह नहीं कह सकता कि मैं कुर्सी का फायदा उठा रही हूं। मैं अब पूरी तरह स्वतंत्र हूं। मैंने अपना पूरा जीवन जनसेवा में लगाया, इन 15 वर्षों में न पेंशन ली, न तनख्वाह — लेकिन अब मैं एक आजाद परिंदे की तरह हूं…”
CEC पर बरसीं ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव में वे लोगों के संवैधानिक अधिकारों को कुचलने वाले खलनायक बन गए। उन्होंने सवाल उठाया कि मतदान खत्म होने के बाद EVM 80-90 प्रतिशत चार्ज कैसे हो सकती है। उन्होंने बताया कि चुनाव से दो दिन पहले उनके नेताओं की गिरफ्तारियां शुरू हो गईं और हर जगह छापेमारी की गई।
उन्होंने कहा, “सभी IPS और IAS अधिकारियों को हटाकर भाजपा समर्थकों को बिठाया गया। भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर पूरा खेल रचा। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी इसमें सीधे शामिल रहे। मतदाता सूची से 90 लाख नाम हटाए गए, जब हम अदालत गए तो 32 लाख नाम वापस जोड़े गए। इतना घटिया और शर्मनाक चुनाव मैंने अपनी पूरी जिंदगी में नहीं देखा।”


