Sahebganj News: मॉडल कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधारोपण कार्यक्रम और प्रायोगिक परीक्षा संपन्न

साहिबगंज: मॉडल कॉलेज राजमहल में मंगलवार को परीक्षा केंद्र पर यूजी प्रथम सेमेस्टर के जियोलॉजी एवं स्टेटिस्टिक्स विषय की प्रायोगिक परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जियोलॉजी विषय की प्रायोगिक परीक्षा हेतु साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य एस. आर. आई. रिजवी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके आगमन पर महाविद्यालय परिवार द्वारा पारंपरिक हरित वंदन के साथ आत्मीय स्वागत किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
इस अवसर पर मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने प्राचार्य रिजवी को पौधा भेंट कर सम्मान किया। इस विशेष अवसर पर दुमका के नीरज कुमार झा व परितोष सा की गरिमामई उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है, और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया, जिसमें शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस पहल के माध्यम से ‘हरित परिसर’ की संकल्पना को साकार करने तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।


