रिश्वत मामले में हजारीबाग CWC प्रबंधक रविरंजन कुमार की अदालत में पेशी, रिमांड खत्म होने के बाद भेजा गया जेल

रांची। रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) हजारीबाग के प्रबंधक रविरंजन कुमार की तीन दिनों की रिमांड पूरी हो गई। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद रविरंजन को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने रविरंजन को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बीते 24 अप्रैल को केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने हजारीबाग सीडब्ल्यूसी के प्रबंधक रविरंजन कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। हजारीबाग के केंद्रीय भंडारण निगम में रिश्वत और भ्रष्टाचार का खेल चलने की शिकायत सीबीआई को मिली थी। सूचना के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाकर रविरंजन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। रविरंजन के औरंगाबाद जिला स्थित पैतृक आवास पर भी छापेमारी की थी, जहां से 21 लाख कैश के अलावा जमीन और कई संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए गए थे।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने अदालत से पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की थी, जिसके बाद रविरंजन को तीन दिनों के लिए सीबीआई की हिरासत में भेजा गया था।


