रांची बनेगा फैशन की नई राजधानी, “द हाईवे फैशन वीक – सीजन 10” का होगा भव्य आयोजन

रांची में द हाईवे फैशन वीक सीजन-10 के पोस्टर लॉन्च के दौरान आयोजक
रांची में द हाईवे फैशन वीक सीजन-10 का पोस्टर लॉन्च

रांची: जे.एम.जी. (JMG) एवं श्रीधर डेवलपर्स के तत्वावधान में “द हाईवे फैशन वीक सीजन-10” का आयोजन रांची में किया जा रहा है। गौरतलब है कि जिम्मी मॉडल्स ग्रुप (JMG) पिछले नौ वर्षों से पूरे भारत में इस प्रतिष्ठित फैशन शो का सफल आयोजन करता आ रहा है। इस बार भी यह आयोजन अपने भव्य स्वरूप, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति के साथ रांची में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश और विदेश के नामचीन मॉडल्स एवं डिजाइनर्स हिस्सा लेंगे।

“द हाईवे फैशन वीक सीजन-10” का ऑडिशन दिल्ली, जमशेदपुर और रांची में लिया जाएगा। श्रीधर डेवलपर्स के चीकू सिंह ने बताया कि इस बार द हाईवे फैशन वीक में झारखंड के प्रतिभाशाली मॉडल्स एवं डिजाइनर्स को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मॉडल्स व डिजाइनर्स के साथ मंच साझा करने का अवसर मिलेगा। हाईवे थीम पर आधारित इस शो में रैंप को विशेष रूप से “हाईवे” का स्वरूप दिया जाएगा, जिस पर मॉडल्स अपने अंदाज और प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

ज्ञात हो कि द हाईवे फैशन वीक सीजन-8 का सफल आयोजन नोएडा फिल्म सिटी में किया गया था और द हाईवे फैशन वीक सीजन-9 का सफल आयोजन रांची के होटल रेडिशन ब्लू में किया गया था, जिसे फैशन इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने सराहा था। उसके बाद से ही सीजन-10 के लिए टीम की तैयारियां लगातार जारी हैं।

इस बार शो में नए और उभरते हुए डिजाइनर्स के नवीनतम कलेक्शन को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। शो को पहले से भी अधिक भव्य और आकर्षक रूप देने की तैयारी चल रही है।

द हाईवे फैशन वीक अब तक देश के विभिन्न महानगरों में अपनी चमक बिखेर चुका है और अब झारखंड की राजधानी रांची में इसका आयोजन स्थानीय फैशन इंडस्ट्री के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है। शो की टीम का कहना है कि आने वाले वर्षों में इस इवेंट को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के बाहर भी आयोजित करने की योजना है।

पिछले नौ सीजन के दौरान इस मंच से कई मॉडल्स और डिजाइनर्स को नया मुकाम मिला है। द हाईवे फैशन वीक सीजन-10 भी उसी परंपरा को और आगे बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।

“द हाईवे फैशन वीक सीजन-10” का पोस्टर लॉन्च आज श्रीधर डेवलपर्स के कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर चीकू सिंह, जिम्मी गुप्ता, सिद्धांत सिंह, अमित मिश्रा, रोहन देव पाठक, जयंत मिश्रा, आशिक़ उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More