नई नवेली दुल्हन ने अगले ही दिन दिया बच्चे को जन्म, परिवार के पैरों तले खिसकी जमीन

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 24 घंटे के भीतर दुल्हन ने एक बच्ची को जन्म दे दिया. इस अप्रत्याशित घटना ने दोनों परिवारों को सकते में डाल दिया और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई.
जानकारी के अनुसार, दनकौर निवासी एक युवक की शादी बुलंदशहर की युवती के साथ पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से संपन्न हुई थी. शादी के बाद दुल्हन खुशी-खुशी ससुराल पहुंची, लेकिन अगले ही दिन शाम को उसे अचानक तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी. परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत उसे पास के अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि महिला करीब सात महीने की गर्भवती है और उसे प्रसव पीड़ा हो रही है. यह सुनकर दूल्हे और उसके परिवार के लोग पूरी तरह स्तब्ध रह गए. कुछ ही समय बाद दुल्हन ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दे दिया. इस घटना ने शादी के तुरंत बाद ही पूरे मामले को विवाद में बदल दिया.
दूल्हे के परिवार का आरोप है कि सगाई लगभग पांच महीने पहले हुई थी, लेकिन उस समय दुल्हन और उसके परिवार ने गर्भावस्था की जानकारी छिपाई. उनका कहना है कि उन्हें यह बताया गया था कि दुल्हन के पेट में कोई बीमारी या पत्थर है, जिसके कारण पेट फूला हुआ दिखाई दे रहा था. अब इस खुलासे के बाद उन्होंने इसे धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तीखी बहस हुई और मामला पुलिस तक पहुंच गया. अंततः बातचीत के बाद दुल्हन और नवजात बच्ची को उसके मायके भेज दिया गया. यह मामला अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.


