पाकुड़ में अवैध लॉटरी का कारोबार तेज, प्रशासन की निष्क्रियता पर उठे सवाल

पाकुड़: जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों अवैध लॉटरी का कारोबार तेजी से फैलता नजर आ रहा है। विक्रमपुर, नरोत्तमपुर, हिरणपुर, सदर पाकुड़ एवं पाकुड़ बाजार सहित कई इलाकों में खुलेआम लॉटरी टिकटों की बिक्री की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह गतिविधि सुबह से लेकर देर शाम तक बिना किसी रोक-टोक के संचालित हो रही है।
सूत्रों की मानें तो छोटे दुकानों, चाय-पान की गुमटियों और अन्य स्थानों के माध्यम से लॉटरी टिकट बेचे जा रहे हैं। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्ग के लोग अधिक लाभ की उम्मीद में इसमें शामिल हो रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस अवैध कारोबार का असर कई परिवारों पर पड़ रहा है। आय का बड़ा हिस्सा लॉटरी में खर्च होने के कारण घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और पारिवारिक विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। बावजूद इसके संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में असंतोष व्याप्त है।
ग्रामीणों एवं शहरी नागरिकों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।




