GATE 2026 में बीआईटी सिंदरी का जलवा: राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों ने लहराया सफलता का परचम

सिंदरी: झारखंड के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान बीआईटी सिंदरी के छात्रों ने गेट 2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एक बार फिर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के छात्रों ने बेहतर रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है, जिससे पूरे परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है। सिविल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र सत्य प्रकाश ने 88वीं रैंक प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वहीं, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के मानस कुमार बेरा ने 394वीं रैंक प्राप्त की। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के आशुतोष रंजन ने 2769वीं रैंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया।
अन्य सफल छात्रों में प्रियांशु राज, ऋतु रमन, विनीत कुमार, दीपांकर आचार्य, अभिषेक पाल, सूरज पंडित, ऋतिक कुमार चौरसिया, विशाल कुमार, आदित्य कुमार, जया, नवीन कृष्णा, सिंटू कुमार, डेविड कुमार महतो, प्रियांशु कुमार, प्रथम राज, रवि कुमार और नटवर कुमार शामिल हैं। संस्थान के निदेशक डॉ. पंकज राय, सिविल विभागाध्यक्ष प्रो. प्रफुल्ल कुमार शर्मा, इलेक्ट्रिकल विभागाध्यक्ष डॉ. मो. अबुल कलाम एवं ईसीई विभागाध्यक्ष डॉ. अमर प्रकाश सिन्हा ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, गेट एवं ईएसई फोरम के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. बी.डी. यादव ने कहा कि संस्थान में बेहतर मार्गदर्शन, अनुशासित अध्ययन वातावरण और प्रतिस्पर्धी माहौल ही छात्रों को लगातार राष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिला रहा है।


