महेशपुर में मिला खतरनाक रसेल वाइपर सांप, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
-1024x614.jpeg)
पाकुड़ : क्षेत्र के श्मशान घाट के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अत्यंत विषैला और खतरनाक सांप रसेल वाइपर देखा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे बनकर्मी अशराफुल ने काफी सतर्कता और कुशलता के साथ सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, लेकिन टीम ने सभी को दूरी बनाए रखने की सलाह दी। विशेषज्ञों के अनुसार रसेल वाइपर भारत के सबसे खतरनाक सांपों में से एक है, जिसका जहर जानलेवा हो सकता है। ऐसे में किसी भी हालत में इसे छेड़ने या खुद पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें और खुद से कोई जोखिम न उठाएं। इस सफल रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया, साथ ही लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी मिला।


