Pakur News : पत्थरघाटा गांव में लैंप्स निर्माण को लेकर ग्रामीणों का जोरदार हंगामा

पाकुड़ : महेशपुर प्रखंड के जयपुर पंचायत के पत्थरघाटा गांव में सोमवार को लैंप्स निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने बिना किसी जानकारी के जेसीबी बुलाकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया, जिससे गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस जगह पर उनके पूर्वज पर्व मनाते आ रहे हैं और सामने जाहिरथान का रास्ता है। अगर यहां लैंप्स बनेगा तो वे आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने मांग की है कि लैंप्स बनाना है तो पहले ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से बैठक करनी होगी।
ठेकेदारों की पहचान नही हो पाया है। जबकि लैंप्स सचिव नयाग्राम गांव निवासी जोशीमुद्दीन शेख, अमृतपुर गांव निवासी चंचल मंडल, और रामपुर गांव निवासी अबसुद्दीन शेख भी मौजूद थे । ग्रामीणों ने लैंप्स सचिव समेत ठेकेदारों को घेरकर कार्य को रोक दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे और किसी भी कीमत पर लैंप्स निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, यह देखना होगा।


