चास के कई वार्डों में महापौर प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क तेज

बोकारो : चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 24, 29 और 17 में महापौर पद के प्रत्याशी बिनोद कुमार की धर्मपत्नी संजू देवी व भाई रंजीत कुमार ने समर्थकों के साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया और अपनी समस्याओं व सुझावों से अवगत कराया।जनसंपर्क अभियान के क्रम में प्रत्याशी के पक्ष में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया तथा नगर निगम क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। क्षेत्र के कई नागरिकों ने सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए।
प्रत्याशी बिनोद कुमार की पत्नी संजू देवी ने कहा कि उन्हें क्षेत्रवासियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया और समर्थन मिल रहा है, जो उनके लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता अवसर देती है तो वे पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ कार्य करने का प्रयास करेंगे। जनसंपर्क के दौरान समर्थकों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति से क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी देखी गई। अभियान पूरी तरह आचार संहिता के दायरे में संचालित किया गया। नगर निगम चुनाव को लेकर विभिन्न वार्डों में प्रत्याशियों द्वारा जनसंपर्क अभियान तेज हो गया ।




