सीएम हेमंत सोरेन से मिला दुर्गा पूजा समितियों का प्रतिनिधिमंडल, दिया पंडाल भ्रमण का आमंत्रण

सीएम हेमंत सोरेन का अभिवादन करते रांची जिला व महानगर दुर्गा पूजा समिति के सदस्य।

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति एवं विभिन्न शांति समितियों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिवादन किया तथा दुर्गा पूजा के पावन उत्सव में सम्मिलित होने का विनम्र आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने संयुक्त रूप से कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दुर्गा पूजा समितियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी या समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है तथा जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा पूरी संवेदनशीलता के साथ बैठकें आयोजित कर सभी समस्याओं का निराकरण पूजा प्रारंभ होने से पूर्व ही कर दिया जा रहा है।

सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण का आमंत्रण

मुलाकात के दौरान दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शारदीय नवरात्रि के अवसर पर रांची के विभिन्न भव्य पूजा पंडालों का सपरिवार परिभ्रमण करने तथा महाआरती में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए आश्वस्त किया कि वे इस वर्ष पूजा पंडालों का परिभ्रमण कर माता रानी का आशीर्वाद लेंगे।

मुख्यमंत्री ने दिए अहम सुझाव

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से कहा कि आस्था और परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए मूर्ति विसर्जन कार्य पर्यावरण अनुकूल (इको-फ्रेंडली) होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि विसर्जन के बाद जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती न बने, इसके लिए राज्य सरकार और पूजा समितियां आपसी सामंजस्य स्थापित कर एक वैकल्पिक व इको-फ्रेंडली कार्य योजना तैयार करें।

दुर्गा पूजा पंडालों में ‘नशा मुक्ति जागरूकता’ हेतु लगाएं होर्डिंग

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से अपील की कि दुर्गा पूजा के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता हेतु होर्डिंग्स और बैनर जरूर लगाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, सामाजिक तथा धार्मिक संगठनों के समन्वय से ही नशा मुक्त झारखंड का निर्माण संभव है। नौजवान युवाओं को नशापान से दूर रहने के लिए जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। पूजा समिति के सदस्यों ने भरोसा दिया कि पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता को लेकर होर्डिंग्स लगाए जाएंगे तथा अनाउंसमेंट कर युवाओं को जागरूक किया जाएगा।

सुरक्षा व सुचारू व्यवस्था के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति की उपासना और असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व है। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था दुरुस्त रहे तथा बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन सुचारू रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को कोई असुविधा न हो। इस दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन उपस्थित थे, जिन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

मुलाकात के दौरान रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के मनोज पांडेय (बबलू), राजेंद्र सिंह, मुनचुन राय, विक्की यादव, राहुल यादव, अशोक चौधरी, राहुल अग्रवाल, अशोक पुरोहित, रमेश गुप्ता, मयंक गिरी तथा रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के अजीत सहाय, रवींद्र वर्मा, संजय मिनोचा, सागर कुमार, अमरनाथ सरकार, लखपति साव, विनोद यादव, राजन वर्मा, समीर सिंह एवं शांति समिति के जय सिंह यादव, बादल सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सभी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More