मोहन भागवत के 75वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा, “मोहन भागवत जी ने वसुधैव कुटुम्बकम् के मंत्र से प्रेरित होकर समता, समरसता और बंधुत्व की भावना को सशक्त करने में अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। डॉ. मोहन भागवत का जन्म 11 सितंबर 1950 को महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में हुआ था।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा, “मोहन भागवत जी ने वसुधैव कुटुम्बकम् के मंत्र से प्रेरित होकर समता, समरसता और बंधुत्व की भावना को सशक्त करने में अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। मां भारती की सेवा में सदैव तत्पर मोहन जी के 75वें जन्मदिन के विशेष अवसर पर मैंने उनके प्रेरक व्यक्तित्व को लेकर अपनी भावनाएं रखी हैं। मैं उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”

डॉ. मोहन भागवत का जन्म 11 सितंबर 1950 को महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में हुआ था। नागपुर विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक प्रचारक के रूप में संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। वे 2009 में संघ के छठे सरसंघचालक बने। उनके नेतृत्व में संगठन ने सामाजिक समरसता, ग्राम विकास, शिक्षा, पर्यावरण और सेवा कार्यों में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।

भागवत के नेतृत्व में संघ ने कोविड-19 महामारी, बाढ़ और भूकंप जैसी आपदाओं में राहत कार्यों को व्यापक स्तर पर संचालित किया। सेवा बस्तियों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के लिए भी कई राष्ट्रव्यापी अभियान चलाए गए।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष (2025-2026) की तैयारियों में भी सक्रिय है। भागवत के कार्यकाल में संगठन ने अपनी गतिविधियों का दायरा न केवल भारत के भीतर बल्कि विदेशों में भी विस्तारित किया। संघ की शाखाएं और भारतीय समाज के लिए किए गए कार्य अब वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन चुके हैं।

प्रधानमंत्री मोदी और डॉ. मोहन भागवत की कई अवसरों पर मुलाकातें भी चर्चा में रही हैं। नागपुर और दिल्ली में संघ के कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति ने संगठन और सरकार के बीच विचारधारात्मक सामंजस्य को रेखांकित किया है। भागवत भारतीय समाज में पारिवारिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक गौरव के संरक्षण पर विशेष बल देते रहे हैं। उन्होंने समय-समय पर विभिन्न मंचों से देशवासियों को सामाजिक सौहार्द और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में प्रेरित किया है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More