‘एक देश, एक चुनाव’ पर आज जेपीसी की अहम बैठक, विशेषज्ञों संग होगी गहन चर्चा
-(1)-1024x614.jpg)
नई दिल्ली: देशभर में “एक देश, एक चुनाव” के महत्व को लेकर आज (11 अगस्त) संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठक होगी. यह बैठक दोपहर 3 बजे संसदीय सौध के मुख्य समिति कक्ष (MCR) में आयोजित की जाएगी. इस बैठक में विशेषज्ञों का पैनल हिस्सा लेगा और अपनी राय साझा करेगा.
बैठक में प्रमुख विशेषज्ञों में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. जी गोपाल रेड्डी, प्रो. सुषमा यादव (हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय), पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, प्रो. शीला राय (राष्ट्रीय समाज विज्ञान परिषद), और प्रो. ननी गोपाल महंत (गुवाहाटी विश्वविद्यालय) शामिल होंगे.
वर्तमान सत्र में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के एक साथ चुनाव कराने की संभावनाओं और चुनौतियों पर विशेष रूप से चर्चा होगी. पिछले महीने की बैठक में आर्थिक लाभ पर प्रकाश डाला गया था, जिसमें एक साथ चुनाव कराने से जीडीपी में 1.5% वृद्धि का अनुमान व्यक्त किया गया था.
अगली बैठक 19 अगस्त को भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना के साथ होगी, जिसमें वन नेशन, वन इलेक्शन विधेयक पर और चर्चा होगी.
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह विधेयक लागू होता है तो यह देश की चुनावी प्रक्रिया में सुधार ला सकता है और आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 30 जुलाई को जेपीसी की बैठक हुई थी. इसमें पूर्व राज्यसभा सदस्य और भारत के पंद्रवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह और अशोका विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र की प्रोफेसर डॉ. प्राची मिश्रा ने एक प्रस्तुति दी थी.


