Ranchi News: अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर ब्रह्माकुमारीज ने राड़ा गांव में सैकड़ों वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित

ब्रह्माकुमारीज के सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में भाग लेते स्थानीय नागरिक।

राँची: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, कांके-पिठोरिया-नवा टोली बाड़ू सेवाकेंद्र के तत्वावधान में गांधी जयंती एवं अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के पावन अवसर पर राड़ा गांव (पिठोरिया) में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के बुजुर्गों, मातृशक्ति तथा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सैकड़ों नागरिकों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।
​
समारोह की मुख्य वक्ता एवं सेवाकेंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी (बीके) राजमती बहन ने अपने संबोधन में कहा कि वृद्धजन समाज एवं परिवार के अनमोल गहने हैं, वे हमारी भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन के अनुभवों के जीवंत स्रोत हैं। इन्हीं से हम जीवन जीने की कला तथा आने वाले दिनों के लिए श्रेष्ठ संस्कार सीखते हैं। बुजुर्गों का आशीर्वाद ही हमारे जीवन की असली पूंजी है, जिसके संबल से ही समाज प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सकता है।
​
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में समाज सेवा, कृषि, साहित्य, खेल, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दर्जनों ग्रामीणों, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों को बीके बहनों द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
​
इस अवसर पर मुख्य रूप से झारो देवी, सुगबती देवी, नेंबू देवी, मंगरी देवी, चांद मुनी देवी, मुन्नी देवी, रासू उरांव, मन्लू उरांव, पंचू लोहरा, देवानन्द मुण्डा, अनीता देवी, गांगी देवी, एतवारी देवी, फुलो देवी, मुनी देवी, मंगरी देवी, एतवा उरांव, रामसूरती उरांव, रुसमा देवी, बुधा सोरेन, शीतल देवी, अनुकूल मुण्डा, एतवारी देवी, भवेश उरांव, आनन्द मुण्डा, रुपनी देवी एवं बिरसा लोहरा समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
​
समारोह में सैकड़ों ग्रामीणों व माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अंत में उपस्थित सभी लोगों ने ब्रह्माकुमारी संस्थान की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए समाज में स्वच्छता, शांति और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी ग्रामीणों व श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More