तीरंदाजी में भारत का जलवा, महिलाओं और मिश्रित टीम ने मारी बाजी, दक्षिण कोरिया को 236-234 से हराकर जीते स्वर्ण पदक

ढाका में आयोजित एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कंपाउंड महिला और मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते। दीपशिखा, प्रिथिका और ज्योति की तिकड़ी ने दक्षिण कोरिया को मात दी, जबकि अभिषेक वर्मा और दीपशिखा की जोड़ी ने बांग्लादेश को हराया। पुरुष टीम को मामूली अंतर से हारकर रजत पदक मिला।

नई दिल्ली: ढाका में चल रही एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भारत ने कंपाउंड वर्ग में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए महिला टीम और मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। महिला कंपाउंड टीम के फाइनल में दीपशिखा, प्रिथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम की भारतीय तिकड़ी ने दक्षिण कोरिया को कड़े मुकाबले में 236-234 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

पुरुष कंपाउंड टीम स्पर्धा में अभिषेक वर्मा, साहिल जाधव और प्रतमेश फुगे की भारतीय टीम को कजाखस्तान के खिलाफ 229-230 से मामूली अंतर से हार झेलनी पड़ी और रजत पदक हासिल हुआ। यह मुकाबला पूरी तरह से रोमांचक रहा, लेकिन निर्णायक क्षणों में कजाख खिलाड़ियों ने बढ़त बना ली।

मिश्रित टीम में भी स्वर्ण

मिश्रित टीम फाइनल में अभिषेक वर्मा और दीपशिखा की भारतीय जोड़ी ने बांग्लादेश के हिमु बाचार और बोन्ना आक्तर को 153-151 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ढाका में जारी इस प्रतियोगिता में भारत का यह प्रदर्शन एशियाई स्तर पर तीरंदाजी में उसकी मजबूत स्थिति को और भी पुख्ता करता है।

 

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More