घाटशिला उपचुनाव में धन बल नहीं, बल्कि जनबल की जीत होगी : मिथिलेश ठाकुर

पश्चिमी सिंहभूम के घाटशिला उपचुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने जनबल की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा धनबल पर चुनाव लड़ती है, जबकि झामुमो जनता के विश्वास के साथ है। प्रेस वार्ता में चंपाई सोरेन पर नाराजगी जताई गई और गठबंधन की एकजुटता को जोर देकर बताया गया। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में उपचुनाव को लेकर उत्साह देखने को मिला।
पश्चिमी सिंहभूम: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि झामुमो हमेशा जनभावनाओं की राजनीति करती आई है और जनता के विश्वास की बदौलत ही बार-बार सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि इस बार भी घाटशिला उपचुनाव में धन बल नहीं, बल्कि जनबल की जीत होगी।
 
ठाकुर गुरुवार को खिरवाल धर्मशाला में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चंपाई सोरेन को सम्मान, पद और जिम्मेदारी दी थी, लेकिन उन्होंने उसका मोल नहीं समझा।
 
ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में इसका परिणाम साफ दिखा, जब वे बमुश्किल अपनी सीट बचा पाए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले घाटशिला उपचुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है। भाजपा धनबल के भरोसे चुनाव लड़ती है, लेकिन झारखंड की जनता जनबल के साथ है। इस उपचुनाव में भाजपा की जमानत जब्त होना तय है।
 
प्रेस वार्ता में झामुमो और गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इनमें चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, झामुमो के जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम, कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, तथा राजद और झामुमो के अन्य पदाधिकारी शामिल थे। पार्टी नेताओं ने कहा कि गठबंधन एकजुट है और जनता के मुद्दों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा। वहीं, स्थानीय कार्यकर्ताओं में उपचुनाव को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

 

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More