Weather News: रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश, 30 सितंबर के बाद मिलेगी राहत

रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड में भी दिखने लगा है. मंगलवार को संताल और कोल्हान में इसके असर से रांची समेत कई जिलों मे भारी बारिश हुई. सबसे अधिक करीब 72 मिमी बारिश बहरागोड़ा में हुई. गोड्डा में 50 मिमी और हजारीबाग में 44 मिमी के आसपास बारिश हुई. मौसम केंद्र का पूर्वानुमान है कि बुधवार और गुरुवार को राजधानी सहित कई जिलों में बारिश हो सकती है.
कई जगहों पर वज्रपात की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है. बुधवार को सिमडेगा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, पलामू और गढ़वां छोड़ सभी जिलों में बारिश होने का अनुमान है. गुरुवार को बोकारो, रामगढ़, रांची, प.सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. 30 सितंबर तक लोगों को बारिश से राहत मिलने का मौसम विभाग ने पूर्वानुमान किया है. मौसम के बदले मिजाज से हो रही बारिश के कारण राजधानी समेत अन्य जिलों का अधिकतम तापमान भी गिर सकता है.


