हॉकी इंडिया लीग 2024-25: 28 दिसंबर से झारखंड और ओडिशा में होगा आयोजन

रांची: हॉकी इंडिया लीग 2024-25 का आयोजन 28 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है. झारखंड और ओडिशा को इसकी संयुक्त मेजबानी करने का अवसर प्राप्त हुआ है. हॉकी लीग का आयोजन 28 दिसंबर से 1 फरवरी तक किया जायेगा. इसमें आठ पुरुष और छह महिला टीमें भाग लेंगी. पुरुषों की लीग में चेन्नई, लखनऊ, पंजाब, कोलकाता, दिल्ली, ओडिशा, हैदराबाद, रांची. महिला टीमों में हरियाणा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, ओडिशा, शेष दो फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा आने वाले दिनों में होगी.
रांची में होंगे महिला लीग के सारे मैच
पुरुष हॉकी लीग 28 दिसंबर को राउरकेला के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में शुरू होगा, जबकि 12 जनवरी से महिला हॉकी लीग की रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह स्टेडियम से शुरुआत होगी. महिला लीग के सारे मैच रांची में होंगे. महिला हॉकी लीग का फाइनल मैच 26 जनवरी को रांची में खेला जाएगा जबकि पुरुष हॉकी लीग का फाइनल 1 फरवरी को राउरकेला में खेला जायेगा. इसको लेकर रांची और राउरकेला में हॉकी के काफी प्रशंसक हैं. इसके लिए टिकट फ्री करने का निर्णय लिया गया है. स्टेडियम में प्रवेश के लिए दर्शकों को नि:शुल्क वर्चुअल टिकट लेना आवश्यक होगा. मैच का टिकट ऑनलाइन माध्यम से लिया जा सकता है. टिकट बुक करने के लिए विंडो खोल दिए गए हैं.


